Dhurandhar 2 Advance Booking Day 1: बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर 2’ का भौकाल, रिकॉर्ड तोड़ कमाई से बंपर ओपनिंग तय

आदित्य धर के निर्देशन में बनी मच अवेटेड फिल्म ‘धुरंधर 2’ को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है, लेकिन रिलीज से पहले ही इसने बॉक्स ऑफिस पर धमाका करना शुरू कर दिया है। पेड प्रीव्यू शो के बाद अब पहले दिन की एडवांस बुकिंग में फिल्म ने रिकॉर्ड तोड़ कमाई कर ली है, जिससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि ओपनिंग बेहद बड़ी होने वाली है।

‘धुरंधर 2’ की एडवांस बुकिंग ने तोड़े रिकॉर्ड

‘धुरंधर: द रिवेंज’ के लिए काउंटडाउन शुरू हो चुका है और एडवांस बुकिंग के आंकड़े लगातार चौंका रहे हैं। फिल्म ने प्रीमियर शो यानी 18 मार्च के लिए एडवांस बुकिंग में लगभग 40.70 करोड़ रुपये (ब्लॉक सीटों के साथ) की कमाई दर्ज की है।

वहीं 19 मार्च को रिलीज के पहले दिन के लिए एडवांस बुकिंग 17 मार्च दोपहर 2 बजे तक 30.75 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है। इस दौरान 15,000 से ज्यादा शोज में 6.70 लाख से अधिक टिकट बिक चुके हैं। अगर ब्लॉक बुकिंग को हटा दिया जाए, तब भी फिल्म की कमाई 22.39 करोड़ रुपये के मजबूत आंकड़े पर पहुंच चुकी है।

ओवरसीज में भी जबरदस्त क्रेज

फिल्म का क्रेज सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है। ओवरसीज मार्केट में भी ‘धुरंधर 2’ को शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। वीकेंड के लिए विदेशी प्री-सेल्स लगभग 65 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है, जो किसी भी बॉलीवुड फिल्म के लिए बेहद बड़ा आंकड़ा माना जाता है।

कुल मिलाकर फिल्म की एडवांस बुकिंग कलेक्शन 135 करोड़ रुपये से ज्यादा (ब्लॉक सीटों के साथ) हो चुकी है, जो इसे भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी ओपनिंग देने वाली फिल्मों में शामिल कर सकता है।

हिंदी वर्जन में सबसे ज्यादा डिमांड

‘धुरंधर 2’ का हिंदी वर्जन सबसे आगे चल रहा है और टिकट बिक्री का बड़ा हिस्सा इसी से आ रहा है। हालांकि तेलुगु, तमिल, मलयालम और कन्नड़ में डब वर्जन भी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। इन भाषाओं में रिलीज के बावजूद फिल्म को पवन कल्याण की ‘उस्ताद भगत सिंह’ से कड़ी टक्कर मिल रही है, फिर भी इसकी रफ्तार बनी हुई है।

हाई डिमांड के चलते 24 घंटे चलेंगे शो

फिल्म की जबरदस्त डिमांड को देखते हुए सिनेमाघर लगातार नए शो जोड़ रहे हैं। कई जगहों पर देर रात और आधी रात के बाद भी शो चलाए जा रहे हैं।

मुंबई और ठाणे जैसे शहरों में कुछ थिएटर्स में वीकेंड पर शो सुबह 1:50 बजे से शुरू होकर रात 11:30 बजे तक लगातार चलेंगे। इसके अलावा अहमदाबाद और अन्य शहरों में भी आधी रात के बाद के शो शुरू कर दिए गए हैं। हालांकि सुरक्षा और लॉजिस्टिक्स कारणों से यह व्यवस्था हर शहर में संभव नहीं है, लेकिन पश्चिमी और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में 24 घंटे शो चलाने की तैयारी है।

‘धुरंधर 2’ स्टारकास्ट और टीम

फिल्म में रणवीर सिंह, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, आर माधवन, सारा अर्जुन, राकेश बेदी, गौरव गेरा और दानिश पंडोर अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

स्पाई एक्शन फिल्म की सिनेमैटोग्राफी विकास नौलखा ने संभाली है, जबकि एडिटिंग शिवकुमार वी पणिक्कर ने की है। फिल्म का संगीत शाश्वत सचदेव ने दिया है। इसका निर्माण जियो स्टूडियोज और बी62 स्टूडियोज के बैनर तले ज्योति देशपांडे, आदित्य धर और लोकेश धर द्वारा किया गया है।

रिलीज से पहले ही जिस तरह ‘धुरंधर 2’ ने एडवांस बुकिंग में इतिहास रच दिया है, उसे देखते हुए साफ है कि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कई बड़े रिकॉर्ड तोड़ने के लिए तैयार है।

Leave a Comment